Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » डीएम व एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

डीएम व एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद मुजफ्फरनगर में पुलिस व प्रशासन द्वारा निरंतर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना मीरापुर क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत की गई सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन कर उनकी समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी जानसठ सुश्री ऋषिका सिंह तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान अधिकारियों द्वारा तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ियों की निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन एवं श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। कांवड़ मार्ग पर निरंतर भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल