मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा शिव चौक के समीप मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति तथा कांवड़ यात्रा के सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न होने की कामना की।

तत्पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कांवड़ सेवा शिविर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में शिवभक्त कांवड़ियों के लिए निःशुल्क औषधि वितरण, प्राथमिक उपचार, पेयजल, विश्राम, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर शिविर संचालकों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान सीएमओ श्री सुनील तेवतिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मिनाक्षी स्वरुप व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शिविर संचालकों से आह्वान किया कि सेवा भाव के साथ प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ पेयजल, भोजन, प्राथमिक उपचार एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि किसी भी कांवड़िए को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।






