मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार के निर्देशन में विभागीय टीम ने जाट कालोनी में छापेमारी करते हुए चार घरों में बडी बिजली चोरी पकडी है। इन लोगों के द्वारा मीटर में डिवाइस लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। बिजली चोरी का पता लगाने के लिए विभागीय टीम को कई घंटे तक जांच करनी पडी। बाद में मीटर खोलने पर अंदर डिवाइस लगी हुई मिली। एक्सईएन कुलदीप कुमार के द्वारा एंटी थैफ्ट थाने में इन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।


बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को महावीर चौक उपकेंद्र से जुड़े हाईलॉस फीडर क्षेत्र में जांच की गई। अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में टीम ने जाट कालोनी आदि मोहल्लों में बिजली चैकिंग की। इस दौरान टीम को जाट कालोनी में चार घरों में बिजली चोरी की भनक लगी। घर में लगे उपकरण और बिजली का बिल कम आने को लेकर स्थिति संदिग्ध पायी गई। टीम ने चारों घरों की जांच शुरू कर दी। कई घंटे बीत जाने के बाद टीम ने चारों घरों में बिजली चोरी पकडी है। इन सभी के मीटर को खोलकर देखा गया। जिसमें डिवाइस लगी हुई पायी गई है। उक्त डिवाइस के द्वारा चारों उपभोक्ता बिजली चोरी कर रहे थे। एक्सईएन कुलदीप कुमार ने पवन कुमार, सुनील, शीतल तोमर और विजय खोखर के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके पर विद्युत भार करीब 8 किलोवाट पाया गया।
इन्होंने बताया
जाट कालोनी में चार घरों बिजली चोरी पकडी गई है। इनके मीटर में डिवाइस लगी हुई मिली है। इस डिवाइस से उक्त चारों उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पकडे गए है। मीटर में कोई डिवाइस लगा रहा है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
विनोद कुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता






