मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को बागोवाली,बेलडा, नंगला दुल्हेरी, भोपा, तुगलकपुर , निरगाजिनी व धमात में स्थापित कांवड़ चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा शिविरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों तथा चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी चिकित्सा शिविरों पर पर्याप्त दवाओं, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं एवं 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

धमात स्थित चिकित्सा शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वयं कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया तथा उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक पूरी सतर्कता, सेवा-भाव एवं समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।






