मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को रामलीला टिल्ला से भगवान दक्ष प्रजापति जी की पावन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान दक्ष प्रजापति जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदेश एवं देशवासियों को जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शोभायात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं, समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं एवं युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि भगवान दक्ष प्रजापति जी का जीवन धर्म, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का अनुपम संदेश देता है। उनके आदर्श समाज को एकता, सद्भाव एवं संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बच्चों के साथ पारंपरिक चाक चलाकर मिट्टी के बर्तन भी बनाए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पारंपरिक हस्तशिल्प एवं कारीगरों की कला हमारी गौरवशाली विरासत है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक कलाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। बच्चों के उत्साह एवं सहभागिता ने इस आयोजन को और अधिक आकर्षक एवं प्रेरणादायी बना दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक समरसता, पारस्परिक भाईचारे तथा सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भगवान दक्ष प्रजापति जी से प्रार्थना करते हुए प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान दक्ष प्रजापति जी की कृपा से समाज में सद्भाव, उन्नति और खुशहाली का वातावरण निरंतर बना रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे






