Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » 1500 सीसीटीवी और 12 ड्रोन कैमरों से होगी कांवड यात्रा की निगरानी

1500 सीसीटीवी और 12 ड्रोन कैमरों से होगी कांवड यात्रा की निगरानी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। सम्पूर्ण जनपद को 09 सुपर जोन, 27 जोन, 89 सेक्टर एवं 141 सब-सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की गई है।
▶️ यात्रा की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए एटीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), एस-चेक टीम, फ्लड पीएसी एवं पीएसी की तैनाती की गई है। त्वरित निगरानी, समन्वय एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए 14 कंट्रोल रूम एवं 03 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
▶️ श्रद्धालुओं की सुविधा एवं प्रभावी पुलिसिंग के लिए 03 अस्थायी थाने क्रमशः शिव चौक, रामपुर तिराहा एवं शुक्रताल स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां संचालित की जा रही हैं।
▶️ तकनीकी निगरानी को सुदृढ़ बनाने के लिए 10-12 ड्रोन कैमरों के साथ 1500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, जिनमें एनपीआर (Number Plate Recognition) एवं फेस डिटेक्शन कैमरे भी शामिल हैं, लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता हेतु एम्बुलेंस, 12 मोबाइल एम्बुलेंस, इंटरसेप्टर वाहन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है।
▶️ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराजक एवं असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनकी सतत निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात डायवर्जन एडवाइजरी भी पूर्व में जारी की जा चुकी है।

▶️ कांवड़ यात्रा-2026 की सुरक्षा व्यवस्था में जनपद एवं गैर जनपद से प्राप्त लगभग 3500 से 4000 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी निरंतर ड्यूटी पर तैनात हैं, जो 24×7 श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं।

▶️ मुजफ्फरनगर पुलिस समस्त श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील करती है कि निर्धारित कांवड़ मार्ग एवं यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा हेल्पलाइन से संपर्क करें, जिससे कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित सम्पन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल