मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नालियों में गोबर बहाने पर नगर पालिका ने करीब 105 दूध डेयरियों को नोटिस जारी किया है। वहीं करीब 35 से अधिक दूध डेयरियों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया है। इनमें से कुछ दूध डेयरियों के द्वारा नगर पालिका में जुर्माना भी जमा कराया गया है। उधर शहरी क्षेत्र में संचालित करीब 1240 दूध डेयरियों का भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है। संबंधित सफाई नायकों को सत्यापन करते हुए रिपोर्ट सौपने के आदेश दिए गए है।
नगर पालिका के रिकार्ड के अनुसार शहरी क्षेत्र के 55 वार्डों में करीब 1240 दूध डेयरियां संचालित है। इन डेयरियों से गोबर नालियों में बहाया जा रहा है। जिस कारण नाली और नाले चॉक हो रहे है। इस वजह से पानी की निकासी लगातार प्रभावित बनी हुई है। पानी की निकासी न होने पर जलभराव का लोगों को सामना करना पड रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी अजय शाही के द्वारा उक्त 1240 दूधे डेयरियों का सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने दूध डेयरियों का सत्यापन करने के सफाई नायकों को निर्देश दिए है। उधर नगर पालिका के द्वारा हाल में 105 दूधे डेयरियों को नोटिस जारी किया गया है। उनके द्वारा नाली में गोबर बहाया जा रहा था। उधर करीब 35 से अधिक दूधे डेयरियों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी अजय शाही का कहना है कि नाली में गोबर बहाने पर संबंधित दूध डेयरी पर कडी कार्रवाई की जा रही है।







