मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका में अधीनस्थ अधिकारी और कर्मचारी चेयरपर्सन व ईओ के आदेशों को ताक पर रखकर काम कर रहे है। जिसका उदाहरण नगर पालिका के निर्माण विभाग में देखने को मिल रहा है। निर्माण विभाग में दो जेई होने पर कार्य विभाजन किया गया, लेकिन पुराने जेई कपिल कुमार पत्रावलियां दबाए हुए बैठे है। उन्होंने नए जेई को आवंटित वार्डों की पत्रावली नहीं दी है। इस संबंध में सभासद अमित पाल ने ईओ से शिकायत की है।
नगर पालिका के निर्माण विभाग में काफी समय से एक ही जेई कपिल कुमार के द्वारा कार्य किया जा रहा था। जबकि नगर पालिका के निर्माण विभाग में दो जेई की आवश्यकता है। शासन के द्वारा मार्च माह में राजीव सोनकर जेई की नगर पालिका के निर्माण विभाग में तैनाती की थी। उधर नगर पालिका में दो जेई होने पर दोनों के कार्य का विभाजन कर दिया गया था। दोनों जेई में 55 वार्डों का विभाजन कर दिया गया। जेई राजीव सोनकर को नगर पालिका में आए काफी समय हो गया, लेकिन पुराने जेई कपिल कुमार के द्वारा संबंधित वार्डों के निर्माण कार्यों की पत्रावली राजीव सोनकर को नहीं दी गई। जेई कपिल कुमार सभी पत्रावली अपने पास दबाए हुए बैठे है। इस मामले को लेकर सभासद अमित पाल ने जेई कपिल कुमार पर सवाल खडे करते हुए ईओ से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कार्य विभाजन के बाद भी जेई राजीव सोनकर को पत्रावली नहीं दी जा रही है। उन्होंने ईओ से कपिल कुमार के द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है। उधर ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने इस मामले में एई निर्माण को आदेशों का पालन कराने के निर्देश दिए है।







