मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सोमवार को देर शाम शहर के हृदय स्थल और कांवड़ यात्रा के मध्यांतर के रूप में पहचान रखने वाले शिव चौक पर पहुंचकर यहां आ रहे भगवान शिव के भक्त कांवड़ियों का पालिका परिवार की ओर से पुष्प वर्षा के साथ स्वागत और सत्कार किया। यहां पर उन्होंने कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनका कुशलक्षेप पूछा और शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ियों की चिकित्सा सेवा के लिए एम्बुलेंस सुविधा का भी शुभारंभ किया।
नगरपालिका परिषद् की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक पहुंचकर ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, भाजपा पदाधिकारियों और सभासदों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करते हुए पूजन किया। पालिका की ओर से कांवड़ यात्रा में व्यवस्था के लिए चलाये जा रहे कंट्रोल रूम और खोया पाया केन्द्र का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को भी परखा। इसके बाद उन्होंने शिव चौक से नगरपालिका और मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को त्वरित मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक एम्बुलेंस को भी रवाना किया, जो कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमणशील रहेगी, इसमें प्राथमिकता उपचार के लिए टीम के साथ ही दवाईयों की व्यवस्था की गई है। वहीं उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए लगाई गई टीम के कर्मचारियों को ड्रेस भी वितरित की। नई कंपनी जेएस एनवायरो सर्विसेज के अन्तर्गत लगे कर्मचारी इसी ड्रेस कोड में नजर आयेंगे। इसके पश्चात उन्होंने शिव चौक से गुजर रहे शिव भक्तों का स्वागत पुष्प वर्षा के साथ करते हुए उनका नगर में अभिनंदन कर सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने ईओ और सभासदों के साथ कांवड़ मार्ग पर चल रहे सेवा शिविरों में पहुंचकर वहां की व्यवस्था को परखा और शिविर संचालकों से भी संवाद स्थापित कर समस्या और सेवा पर चर्चा की।
मीनाक्षी स्वरूप ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा को व्यवस्थित बनाने के लिए नगरपालिका के द्वारा लगातार नये प्रबंध किये जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र के 21.9 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर सफाई व्यवस्था के लिए पालिका की ओर से करीब 300 सफाई कर्मचारी लगाये गये हैं। कांवड़ शिविरों में नियमित सफाई के लिए डोर टू डोर सेवा देने वाली कंपनी की ओर से 15 गारबेज टिपर वाहनों को लगाया है, जो सुबह और शाम दो पालियों में शिविरों में पहुंचकर कूड़ा संग्रह कर रहे हैं।
इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेडा, सुशील कुमार, भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद प्रशांत गौतम, राजीव शर्मा, नवीनत गुप्ता, अन्नू कुरैशी, शौकत अंसारी, अनुज कुमार, शलभ गुप्ता आदि मौजूद रहे।







