मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


स्थानीय निकाय अपर निदेशक डा. असलम अंसारी ने नगर पालिका में पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक कर स्मार्ट सिटी बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए है। नगर पालिका शहरी क्षेत्र में अपनी गौशाला, स्मार्ट एवं डिजीटल रिकॉर्ड रूम, स्मार्ट रोड, स्मार्ट पार्क, मल्टीलेवल पार्किंग और ऑडिटोरियम बनाएगी। अपर निदेशक ने कांवड मार्ग कच्ची सड़क, शिव चौक और कम्पनी बाग का निरीक्षण भी किया है। वहीं पालिका की तमाम व्यवस्थाओं को परखा है।


अपर निदेशक डा. असलम अंसारी ने नगर पालिका पहुंचकर नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह के साथ पालिका के पार्क में वृक्षारोपण किया है। इसके बाद उन्होंने ईओ के आफिस में पालिका के सभी अधिकारियों के साथ 24 बिन्दुओं पर समीक्षा बैठक की है।

उन्होंने पालिका अधिकारियों को स्मार्ट सिटी बनाने की योजना पर काम करने के निर्देश दिए है। उन्होंने शहर में अपनी गौशाला, स्मार्ट एवं डिजीटल रिकॉर्ड रूम, स्मार्ट रोड, स्मार्ट पार्क, मल्टीलेवल पार्किंग, ऑडिटोरियम, प्रदर्शनी केन्द्र, महिलाओं के लिए सी-लॉन्ज, साइनेज बोर्ड आदि का काम करने के निर्देश दिए है। ऑडिटोरियम के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए है। ईओ ने बताया कि 13 जुलाई तक पालिका स्तर से प्रस्ताव बनाकर निदेशालय को भेजने की निर्देश है। समीक्षा बैठक में ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, एई जल सुनील कुमार, एई निर्माण नैपाल सिंह, एएसए डॉ. अजय प्रताप शाही, जेई निर्माण कपिल कुमार, राजीव सोनकर, जेई जल जितेन्द्र सैनी, सीएसएफआई योगेश गोलियान, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, डीपीएम एसबीएम सुशील कुमार, आईटी प्रियेश कुमार, लिपिक एसबीएम आकाशदीप, लिपिक संपत्ति शोभित कुमार आदि मौजूद रहे।

सफाई के बाद कूडा डालने पर लगेंगा पांच हजार जुर्माना
मुजफ्फरनगर। अपर निदेशक डा. असलम अंसारी ने अधिकारियों से कहा कि संसाधन की कमी नहीं है, केवल इच्छाशक्ति कम हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आपको अधिकार दिए, एक शक्तिशाली एक्ट दिया है। इसका उपयोग करें और इसके सहारे मिली अपनी ताकत को पहचानें। उन्होंने सफाई होने के बाद गंदगी फैलाने वाले पर पांच से दस हजार रुपए का तक जुर्माना करने के निर्देश दिए है। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए मेरठ और सहारनपुर नगर निगम से सम्पर्क और अनुरोध पत्र भेजने के निर्देश दिए है।






