मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के 700 से अधिक बैंक खाता संबंधी प्रकरण तथा 500 से अधिक कैश क्रेडिट लिंकेज संबंधी पत्रावलियां संबंधित बैंक शाखाओं को उपलब्ध कराई गई हैं। मेगा कैम्प के प्रथम दिन बैंक शाखाओं एवं विकास खण्डों के समन्वित प्रयास से 200 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोले गए।
जिन पत्रावलियों में अभिलेखीय अथवा अन्य कमियां पाई गईं, उनमें संबंधित स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को बैंक शाखाओं पर बुलाकर आवश्यक अभिलेख पूर्ण कराने एवं कमियों को दूर कराने की कार्यवाही भी साथ-साथ की गई, जिससे पात्र समूहों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और उनका शीघ्र निस्तारण किया जा सके। सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशानुसार समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों द्वारा अभियान का लगातार पर्यवेक्षण किया गया। खण्ड विकास अधिकारी अपने-अपने विकास खण्ड से संबंधित बैंक शाखाओं में भ्रमणशील रहकर शाखा प्रबंधकों एवं बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए खाता खोलने तथा सीसीएल पत्रावलियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते रहे। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) केएन पाण्डेय ने बताया कि सेवा सेतु कार्यक्रम के लिए बैंक एवं विकास खण्डवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रत्येक लंबित प्रकरण की लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी संबंधित बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर यह प्रयास किया जा रहा है कि अभियान के दूसरे एवं अंतिम दिन अधिकतम अवशेष बैंक खाते खोल दिए जाएं तथा पात्र कैश क्रेडिट लिंकेज प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।







