मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएमओ ने महिला ओपीडी, सामान्य ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, आयुष्मान कक्ष, पंजीकरण एवं पर्ची काउंटर तथा टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं, आवश्यक उपकरणों और साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया।
उन्होंने आयुष्मान कक्ष का निरीक्षण करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पंजीकरण एवं पर्ची काउंटर पर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। टीकाकरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान टीकों के रखरखाव एवं लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।






