मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 के तहत जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर ने बताया कि कार्यक्रम के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू हो गया है। प्रतियोगिताएं ऑनलाइन और कार्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष तक के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। पहले जिला स्तर, इसके बाद राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के तहत विकसित भारत क्विज, युवा उद्यमिता चुनौती, डिजाइन फॉर भारत और हैक फॉर सोशल कॉज जैसी गतिविधियां होंगी। युवा कृषि, हरित ऊर्जा, तकनीक, स्थानीय विकास और सामाजिक समस्याओं के समाधान से जुड़े अपने विचार एवं नवाचार प्रस्तुत कर सकेंगे। क्विज के लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर, युवा उद्यमिता चुनौती के लिए 30 सितंबर, डिजाइन फॉर भारत के लिए एक अक्टूबर और हैक फॉर सोशल कॉज के लिए 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अक्टूबर में युवा संसद का मॉक ड्रिल भी आयोजित किया जाएगा। चयनित प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार और सुझाव रखने का अवसर मिल सकता है। इसके लिए युवाओं को माई भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर संबंधित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना होगा। जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर ने बताया कि 10 से 12 जनवरी 2027 तक स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर यूथ फेस्टिवल का आयोजन होगा। जिसमें निबंध, डिजाइन, युवा उद्यमिता समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभाग ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के दौरान पूजा, लक्ष्मी, प्रिया सैनी, शिवानी पाल, अनीता, प्रियंका, रोहित, मोहित, प्रीति पाल, आजाद कुमार, सागर कुमार, अजय कुमार, विक्रांत कुमार, राहुल कुमार, नितिन और सचिन आदि स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।







