मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 220 केवी उपकेंद्र नरा पर अनुरक्षण कार्य के चलते दो दिन विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 19 और 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक 220 केवी मेन बस का अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा। इसके चलते संबंधित विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
नरा उपकेन्द्र शटडाउन के कारण 33 केवी पोषक शामली रोड, महावीर चौक, बघराजपुर और टाउनहाल की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। सुबह के समय दो घंटे बिजली बंद रहने से इन क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही दुकानदारों और अन्य बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ट्रांसमिशन विभाग ने बताया कि 220 केवी मेन बस पर आवश्यक अनुरक्षण कार्य विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए किया जा रहा है। निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इसके बाद विद्युत आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल की जा सके। विभाग ने अनुरक्षण कार्य के दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि शटडाउन की अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बिजली संबंधी कार्य पहले से निपटा लें।







