मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ग्राम रोनीहरजीपुर में पंचायत भवन पर सेवा सेतु संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के इस्तेमाल और योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान और परियोजना अधिकारी यूपीनेडा भजन सिंह ने ग्रामीणों को योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि यूपीनेडा से अधिकृत वेंडर शिव शक्ति सोलर इंटरप्राइजेज के माध्यम से चयनित लाभार्थियों के घरों पर सोलर प्लांट लगाए गए हैं। इस दौरान लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए उपहार भेंट किए गए।
उन्होंने बताया कि रोनीहरजीपुर गांव को पूर्व में विभाग की ओर से सोलर गांव के रूप में चयनित किया गया था। इसके बाद गांव में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तर पर कार्य किए गए। वर्तमान में गांव में करीब 60 लाभार्थियों के घरों पर सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। इससे ग्रामीणों में योजना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान पंचायत भवन में सामूहिक रूप से दीप जलाकर भी आयोजन किया गया। ग्रामीणों को सोलर ऊर्जा अपनाने से होने वाले लाभों और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाने और अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।







