मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद के प्रभारी मंत्री डा. सोमेंद्र तोमर ने विकास भवन के सभागार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। वहीं आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा कर ली जानकारी प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी के साथ सेवा, सुशासन एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एक महत्वपूर्ण अभियान है, अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने ने कहा कि आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को संबंधित विभाग अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सकुशल संपन्न कराए। अभियान का उद्देश्य भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के द्वारा चलायी जा रही योजनाएं धरातल पर दिखाई दे, इस उद्देश्य के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे, कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से छूट न पाए, इस उद्देश्य के साथ अभियान में जुड़कर कार्यक्रमों को सफल बनाएं। अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा की गई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, डीएम उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

सीडीओ ने दी विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी
मुजफ्फरनगर। सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने अवगत कराया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों तथा विभिन्न विकास कार्यों से आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित की जाएगी। कहानी बदलाव की कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों की वास्तविक सफलता की कहानियों, फोटो एवं वीडियो का संकलन कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर को सायं 7 बजे सुकतीर्थ स्थल सहित 11 स्थानों पर दीप दान प्रज्वलित किए जाएंगे, तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के प्रभावी मंचन का आयोजन किया जाएगा। आंगन का उत्सव के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित करने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर एवं श्रमदान जैसी गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता रहेंगी। सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, सेवा ज्योति यात्रा तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।






