Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » जनपद में चीनी की नहीं कोई कमी, पूरा है चीनी का स्टॉक, अफवाह फैलाने पर होगी कार्रवाई

जनपद में चीनी की नहीं कोई कमी, पूरा है चीनी का स्टॉक, अफवाह फैलाने पर होगी कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रवीन प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया है कि चीनी की कमी अथवा उसके मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि के सम्बन्ध में फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई इस तरह की अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। गन्ना विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सभी चीनी डीलरों के लिए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर चीनी के स्टॉक की स्थिति की घोषणा करना और नियमित रूप से अद्यतन करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा यह निर्देश दिया गया कि 1 अगस्त 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक चीनी का कोई भी डीलर चीनी के स्टॉक की प्राप्ति की तारीख से 30 दिन से अधिक अवधि के लिए चीनी का भण्डारण नहीं करेगा। 1 सितम्बर 2026 को जारी सूचना के अनुसार चीनी के स्टॉक की 4000 कु. की उक्त सीमा को केन्द्र सरकार द्वारा घटाकर 2000 कु. किया गया है। यह 15 सितम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक प्रभावी होगा। उन्होंने बताया कि कोई भी बडा उपभोक्ता जो उत्पादन, उपभोग या उपयोग के लिए कच्चे माल के रूप में प्रतिमाह 10 मी. टन चीनी का उपयोग या उपभोग करता है, किसी भी प्रकार से ऐसे उपयोग या उपभोग के लिए 15 दिनों से अधिक समय के लिए चीनी का स्टॉक नही रखेगा। बडे उपभोक्ता का तात्पर्य मिठाई विक्रेता, शीतल पेय निर्माता, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, या अन्य कोई सस्थांगत खरीददार जो चालू माह को छोडकर पिछले 01 वर्ष के दौरान औसत मासिक खपत के रूप में कम से कम 10 मी. टन चीनी का उपभोग करता है, से है। प्रत्येक चीनी मिल द्वारा बडे उपभोक्ता को विक्रय की गयी चीनी की मासिक मात्रा चाहे वह सीधे व डीलर के माध्यम से विक्रय की गयी हो का सत्यापन किया जायेगा। चीनी की कीमतों पर नियंत्रण करने हेतु डीएम द्वारा प्रत्येक तहसील में सम्बन्धित उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में टीमों का गठन किया गया है। जो समय-समय पर चीनी मिलों, डीलर, स्टॉकिस्ट, होलसेलर, रिटेलर एवं बडे उपभोक्ताओं के गोदाम/दुकान/संग्रह स्थल पर संग्रहित चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करेंगें। वहीं अभिलेखों से मिलान करेंगें और साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमित्ता यथा- कालाबाजारी, जमाखोरी, मुनाफाखोरी आदि का तथ्य प्रकाश में आने पर डीएम को अवगत करायेगें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल