मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बारिश और जगह-जगह हुए जलभराव के बावजूद शिवभक्तों की आस्था तनिक भी कम नहीं हुई। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और समर्पण को डिगा नहीं सकीं। कंधों पर कांवड़ उठाए शिवभक्त हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयघोष के साथ अपने निर्धारित गंतव्य की ओर निरंतर बढ़ते रहे। बारिश भी शिव भक्तों की आस्था व विश्वास को प्रभावित नहीं कर पायी। बारिश का सामना करते हुए शिव भक्ता आस्थ के पथ पर लगातार बढते रहे।


पिछले कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों का बुरा हाल बना हुआ था। उमस में जहां लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी, वहीं शिव भक्ता कांवड लेकर अपनी मंजिल की ओर बढ रहे थे। बुधवार की देर रात्रि में अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ। पहले ठंडी हवा चली और फिर के बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया और भीषण गर्मी, उमस से काफी राहत मिली। गुरुवार को दिनभर बारिश होती रही है। बारिश होने के कारण शहरी क्षेत्र में कांवड मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। रास्तों पर पानी भर जाने से कांवड लेकर चल रहे शिव भक्तों को कई स्थानों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फिसलन भरे मार्ग, कीचड़ और जलभराव के बीच भी शिवभक्त पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा करते नजर आए। उनके चेहरों पर थकान की बजाय भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक का उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था। शिव भक्तों का कहना कि यह यात्रा केवल पैरों से नहीं, बल्कि आस्था और विश्वास के बल पर पूरी होती है, इसलिए बारिश जैसी बाधाएं उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती है। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा लगाए गए सेवा शिविरों में कांवड़ियों के लिए पेयजल, भोजन, चाय तथा प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाएं की गईं। स्वयंसेवकों ने भी बारिश के बीच पूरी निष्ठा से श्रद्धालुओं की सेवा कर मानवता का परिचय दिया। बारिश के कारण यातायात कुछ स्थानों पर प्रभावित अवश्य हुआ, लेकिन प्रशासन और पुलिसकर्मियों ने कांवड़ यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई। जलभराव वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग से आगे बढ़ने में सहायता प्रदान की गई। विषम मौसम के बीच शिवभक्तों का उत्साह यह संदेश देता रहा कि सच्ची आस्था के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। बारिश की हर बूंद मानो शिवभक्तों की भक्ति की परीक्षा ले रही थी, जिसे उन्होंने अटूट विश्वास, संयम और श्रद्धा के साथ सफलतापूर्वक पार करते हुए भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट निष्ठा का परिचय दिया। नगर पालिका ने बझेडी अंडरपास और रूडकी रोड पर हुए जलभराव की पम्प के द्वारा निकासी कराई है।






