Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » 48 घंटे के अंदर कांवड़ मार्ग की तमाम व्यवस्था करें दुरुस्त, चेयरपर्सन ने दिए आदेश

48 घंटे के अंदर कांवड़ मार्ग की तमाम व्यवस्था करें दुरुस्त, चेयरपर्सन ने दिए आदेश

मुजफ्फरनगर हिंदुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा को लेकर बुधवार शाम चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पालिका के अधिकारियों और सभासदों के साथ कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे, स्ट्रीट लाइट के बंद मिलने और अहिल्याबाई होल्कर चौराहे का फव्वारा नहीं चलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल ही समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिये।


उन्होंने शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम से निरीक्षण की शुरूआत की, जो अहिल्याबाई होल्कर चौराहा होते हुए बोडी अंडरपास तक जारी रहा।
निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मार्ग में मिलने वाली अव्यवस्थाओं और खामियों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं पथ प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के लिए सख्त नसीहत दी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान लोगों से भी संवाद करते हुए कांवड़ मार्ग की आवश्यकता, समस्या को जानने का प्रयास किया।

अहिल्याबाई होल्कर चौराहे पर फव्वारा बंद मिलने पर उन्होंने अवर अभियंता जलकल जितेन्द्र सैनी को तत्काल ही उसको अस्थाई तौर पर चलवाने के निर्देश दिये। उन्होंने जगह जगह सड़क पर हो रहे जलभराव, सड़कों में गड्ढों की समस्या को भी ठीक करने पर जोर दिया। निरीक्षण में ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह द्वारा पालिकाध्यक्ष को बझेडी अंडरपास तक पालिका द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सावन माह में लाखों की संख्या में शिवभक्त नगर से होकर गुजरते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उनको शहरी क्षेत्र में पालिका आवागमन के लिए सुलभ व्यवस्था देने के लिए पालिका प्रशासन काम कर रहा है, निरीक्षण के दौरान जो भी कमियाँ आज देखने को मिली हैं, उन्हें 48 घंटे के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये गये हैं। इसके बाद फिर से निरीक्षण किया जायेगा, यदि लापरवाही मिली तो गंभीर कार्यवाही से हम पीछे नहीं हटेगे। निरीक्षण के दौरान सभासद कुसुमलता पाल, रजत धीमान, अमित पटपटिया, शोभित गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, जेई निर्माण कपिल कुमार, राजीव सोनकर, जेई जलकल जितेन्द्र सैनी, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, राजस्व निरीक्षक अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल