Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एसएसपी ने नवीन महिला आरक्षियों को पढ़ाया कानून व्यवस्था का पाठ

एसएसपी ने नवीन महिला आरक्षियों को पढ़ाया कानून व्यवस्था का पाठ

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रो में कठोर एवं सुनियोजित प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत जनपद मुजफ्फरनगर में नवीन तैनाती प्राप्त महिला आरक्षियों को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर  संजय कुमार वर्मा द्वारा संबोधित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  द्वारा महिला आरक्षियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है, जिसमें प्रत्येक पुलिसकर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना एवं उनका त्वरित निस्तारण करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उनके द्वारा महिला आरक्षियों को कानून-व्यवस्था बनाये रखने, महिला अपराधों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने तथा पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं विश्वास को सुदृढ़ करने में अत्यंत अहम है। अतः प्रत्येक महिला आरक्षी को अपने आचरण, व्यवहार एवं कार्यशैली के माध्यम से पुलिस की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  द्वारा महिला आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप कम्प्यूटर कार्यों में दक्षता प्राप्त करने, विभिन्न पुलिस पोर्टल्स पर कार्य करने तथा डाटा एंट्री, रिकॉर्ड अपडेट एवं ऑनलाइन रिपोर्टिंग को समयबद्ध एवं शुद्धता के साथ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें विभिन्न उपयोगी एप्लीकेशनों जैसे यक्ष ऐप आदि के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई, जिससे फील्ड ड्यूटी के दौरान कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

उनके द्वारा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, ड्यूटी के दौरान सतर्कता, टीम वर्क के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए महोदय द्वारा अपेक्षा व्यक्त की गई कि वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम एवं ईमानदारी से जनपद पुलिस की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर  सिद्धार्थ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋृषिका सिंह मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल