Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » मृतक गौवंश के अंतिम संस्कार को नहीं मिल रही भूमि, गौ सेवकों ने नगर पालिका में दिया धरना

मृतक गौवंश के अंतिम संस्कार को नहीं मिल रही भूमि, गौ सेवकों ने नगर पालिका में दिया धरना

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सीमा विस्तार के बाद भी नगर पालिका प्रशासन के पास भूमि का अभाव बना हुआ है। नगर पालिका के पास पर्याप्त भूमि न होने के कारण कई परियोजनाए लम्बित बनी हुई है। नगर पालिका के पांच अरबो का बजट है, लेकिन मृतक गौवंश के अंतिम संस्कार के लिए भूमि नहीं है। गौ सेवकों ने नगर पालिका पहुंच कर मृतक गौवंश के अंतिम संस्कार के लिए भूमि की मांग की है। उन्होंने भूमि के लिए नगर पालिका में धरना प्रदर्शन किया है।
नगर पालिका में धरने पर बैठक गौ सेवक निशु कुमार ने बताया कि वे पिछले काफी समय से इस समस्या को लेकर पालिका अधिकारियों के समक्ष गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नगर में अक्सर मृत गौवंश के अंतिम संस्कार के समय उचित स्थान न मिलने के कारण गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिससे न केवल गौसेवकों को परेशानी होती है बल्कि आसपास के लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब तक गौवंशीय पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए कोई स्थान निर्धारित किया जाता है, वो नंगे पांव रहेंगे। इस प्रदर्शन के दौरान गौसेवकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में एक स्थायी और निर्धारित स्थान चिन्हित किया जाए, जहां मृत गौवंश का अंतिम संस्कार विधि-विधान से किया जा सके। उनका कहना है कि यह न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय है बल्कि स्वच्छता और व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी अत्यंत आवश्यक है। उधर ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि बेसहारा गौवंशीय पशुओं की देखरेख के लिए नवीन मंडी स्थल पर एक अस्थायी गौशाला संचालित की जा रही है, जहां उपचार के लिए ट्रीटमेंट सेंटर भी उपलब्ध है। पशुओं की देखभाल के लिए 15 कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है। उन्होंने आगे बताया कि मृत गौवंश के निस्तारण के लिए पालिका द्वारा जेसीबी और अन्य वाहनों के साथ एक टीम भी लगाई गई है, जो आवश्यकतानुसार कार्य करती है। इसके साथ ही गौसेवकों का सहयोग भी लिया जाता है और पूरी विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया जाता है। वर्तमान में सीमा विस्तार के बाद तहसील से पूरी भूमि हस्तांतरित न होने के कारण कई परियोजनाएं अधूरी हैं। हालांकि, खाली पड़ी पालिका भूमि और अन्य सुलभ स्थलों को चिन्हित करने का कार्य जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गौसेवकों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। धरने में विवेक शर्मा, अमन सोनकर और नवीन प्रणामी आदि युवक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल