Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पालिका में कर्मचारियों के सम्मान पर दोहरा मापदंड, सेवानिवृत्त हुए चार सफाई कर्मचारियों को नहीं दी भव्य विदाई

पालिका में कर्मचारियों के सम्मान पर दोहरा मापदंड, सेवानिवृत्त हुए चार सफाई कर्मचारियों को नहीं दी भव्य विदाई

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुजफ्फरनगर नगर पालिका से पिछले दिनों सेवानिवृत्त हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भव्य विदाई दोहरे मापदंड में आकर खडी हो गई है। सफाई कर्मचारियों के सम्मान को लेकर कुछ लोगों ने सवाल खडे किए है। सफाई कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष चमन लाल का कहना है कि रिटायर्ड हुए सफाई कर्मचारियों के सम्मान को लेकर नगर पालिका में भेदभाव किया जा रहा है। पालिका के टैक्स विभाग से पिछले दिनों चपरासी सोमपाल के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें चेयरपर्सन द्वारा फूल-मालाओं से उनका सम्मान किया गया। इस दिन पालिका में कार्यरत चार सफाई कर्मचारी नरेंद्र पुत्र आशा, मंगतू पुत्र मुनी, सुनिता पत्नी रामकुमार एवं उषा पत्नी देवीदास अपनी 60 वर्ष की अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए है, लेकिन उनके सम्मान में कोई भी आधिकारिक विदाई समारोह आयोजित नहीं किया गया। क्या सफाई कर्मचारी सम्मान के पात्र नहीं हैं? क्या उनकी वर्षों की कठिन सेवा का कोई मूल्य नहीं है? और भी आश्चर्य की बात यह है कि पूर्व सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा भी इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में कोई पहल नहीं की गई। हालांकि, इस बीच कुछ सफाई नायकों ने अपने-अपने हाजरी स्थलों पर ही इन कर्मचारियों का छोटा लेकिन सम्मानजनक विदाई समारोह आयोजित किया, जो निश्चित रूप से प्रशंसा और बधाई के पात्र हैं। वे सफाई कर्मचारी, जो प्रतिदिन सुबह शहर की गलियों और सड़कों को स्वच्छ बनाते हैं। जो सर्दी, गर्मी और बरसात में बिना रुके अपना कर्तव्य निभाते हैं। जो कोरोना काल जैसी भयावह महामारी में भी अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा करते रहे। जो हर बड़े पर्व-होली, दिवाली, कांवड़ यात्रा, बालाजी जयंती, ईद-पर अतिरिक्त जिम्मेदारी उठाते हैं।
फिर भी, उनके सेवानिवृत्त होने पर ऐसा उपेक्षापूर्ण व्यवहार-यह न केवल अन्याय है, बल्कि समाज और व्यवस्था दोनों के लिए एक गंभीर प्रश्न है। यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि सम्मान देने के मानकों में भेदभाव किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल