मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

परिवहन विभाग के द्वारा अभियान के दूसरे दिन करीब 58 स्कूली वाहनों की जांच पडताल की गई है। उक्त वाहनों के दस्तावेज जांच करने के लिए टीम के द्वारा लिए गए है। एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्रा ने सभी स्कूली वाहनों का डाटा यूपी-आईएसवीएमपी पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए है।
एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा को लेकर शासन जनपद में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच पडताल करने के निर्देश दिए है। गुरुवार को अभियान के दूसरे दिन भी स्कूली वाहनों की जांच पडताल की गई है। इस दौरान तीन स्कूलों के करीब 58 वाहनों का निरीक्षण करते हुए जांच की गई है। आरआई और पीटीओ की टीम ने उक्त वाहनों का गंभीरता से निरीक्षण किया है। उन्होंने जांच के लिए उक्त वाहनों के दस्तावेज लिए है। परिवहन विभाग ने सभी स्कूलों को यूपी-आईएसवीएमपी पोर्टल पर डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए है। इस पोर्टल के द्वारा स्कूली वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, बीमा और परमिट आदि दस्तावेजों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। जनपद के समस्त स्कूलों के प्रबन्धकों, प्रधानाचार्य को सूचित किया गया है कि किसी भी विद्यालय में बिना प्रपत्र पूर्ण कराये एवं बिना स्कूली वाहन मानक के अनुरूप किसी भी विद्यालय में स्कूली वाहन संचालित न करे। अगर ऐसा पाया गया तो सम्बन्धित स्कूली वाहन एवं उसके मालिक के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।







