Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एनआईसीयू में नहीं मिला कोई उपकरण, दस्तावेज मिले अपूर्ण, डाक्टर भी मिले अनुपस्थित

एनआईसीयू में नहीं मिला कोई उपकरण, दस्तावेज मिले अपूर्ण, डाक्टर भी मिले अनुपस्थित

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

 

उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी  डॉ. अजय कुमार द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में नगरीय क्षेत्र के विभिन्न निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित सेवाओं की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच करना था।

निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम स्काई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, जहां कोई भी मरीज भर्ती नहीं पाया गया तथा एनआईसीयू (NICU) से संबंधित कोई उपकरण उपलब्ध नहीं मिला। आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव पर संबंधित प्रबंधन को निर्देशित किया गया।

इसके उपरांत धनपत हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, जहां पंजीकृत चिकित्सक डॉ. गोल्डी चौहान उपस्थित मिलीं। अस्पताल में कोई भी मरीज भर्ती नहीं पाया गया, किन्तु अभिलेख अपूर्ण पाए गए तथा सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए ऑपरेशन थिएटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया।

इसके बाद एसआरके हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, जहां डॉ. रजिया (बीएएमएस), आयुर्वेदिक चिकित्सक, उपस्थित मिलीं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई भी मरीज भर्ती नहीं पाया गया। उक्त अस्पताल आयुर्वेदिक विभाग में भी पंजीकृत पाया गया, साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भी पंजीकृत मिला। निरीक्षण के समय पंजीकृत चिकित्सक डॉ. नरेंद्र कुमार मौके पर उपस्थित नहीं पाए गए, जिसके संबंध में उन्हें स्पष्टीकरण हेतु नोटिस जारी किया गया।

उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निजी अस्पतालों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पूर्ण रूप से पालन करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में इस प्रकार की निरीक्षण कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, जिससे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल