Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ की टीम ने निजी अस्पतालों पर मारा छापा, अनियमितता मिलने पर एक को नोटिस

सीएमओ की टीम ने निजी अस्पतालों पर मारा छापा, अनियमितता मिलने पर एक को नोटिस

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के नेतृत्व में आज दूसरे दिन भी संयुक्त टीम द्वारा निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में डॉ. अशोक कुमार (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. अजय कुमार (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी) तथा स्टेनोग्राफर दीपक कुमार उपस्थित रहे। टीम द्वारा सर्वप्रथम अपना हॉस्पिटल, मदीना चौक का निरीक्षण किया गया, जहां पंजीकृत चिकित्सक मौके पर उपस्थित मिले, किन्तु अभिलेखों में कमी पाए जाने के कारण अस्पताल को नोटिस जारी किया गया।

इसके पश्चात टीम ने सोफिया सेंटर, मदीना चौक का निरीक्षण किया, जहां संस्थान आयुर्वेदिक पद्धति में पंजीकृत पाया गया, लेकिन निरीक्षण के दौरान कोई भी मरीज भर्ती नहीं मिला। इसके बाद मलिक मेडिकल का निरीक्षण किया गया, जहां यह अस्पताल भी आयुर्वेदिक पद्धति में पंजीकृत पाया गया तथा आयुर्वेदिक चिकित्सक मौके पर उपस्थित मिले, किन्तु कोई भी भर्ती मरीज नहीं पाया गया।

अगले क्रम में अलीना हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, जहां संस्थान आयुर्वेदिक पद्धति में पंजीकृत पाया गया और आयुर्वेदिक चिकित्सक उपस्थित मिले, लेकिन कोई भी मरीज भर्ती नहीं मिला। अंत में विश्वास हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, जहां अस्पताल विधिवत पंजीकृत पाया गया, किन्तु निरीक्षण के समय कोई भी मरीज उपस्थित नहीं मिला।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने निर्देशित किया कि सभी निजी चिकित्सालय अपने अभिलेख पूर्ण एवं अद्यतन रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल