मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


श्री बालाजी जन्मोत्सव शोभायात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा महोदय द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में शोभायात्रा के संयोजकों, डीजे संचालकों एवं समिति सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के0 मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित समस्त आयोजकों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके दृष्टिगत सभी संबंधित व्यक्ति पूर्ण अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। महोदय ने डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि का उपयोग करने तथा प्रतिबंधित गीतों/आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण न करने के निर्देश दिए। साथ ही, शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया तथा शोभायात्रा में शामिल सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा तथा किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। गोष्ठी में उपस्थित सभी समिति सदस्यों एवं आयोजकों द्वारा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि श्री बाला जी जन्मोत्सव शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे कार्यक्रम को सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जा सके






