मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जिला पंचायत के सभागार में आयोजित किसान दिवस में पशुओं के टीकाकरण में बरती जा रही लापरवाही को लेकर किसान भडक गए। किसानों ने सीवीओ और पशु पालन विभाग के अन्य अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। किसान नेता नीरज पहलवान ने कहा कि यदि पशु पालन विभाग की लापरवाही के कारण कोई पशु अब मरता है तो उसे सीवीओ के आवास पर डाला जाएगा। वहीं पुरबालियान में चली आ रही चकबंदी पूरी नहीं हुई है। जिस कारण जंगल के सभी रास्ते बंद है। मृतक पशु को दफनाने के लिए कोई भूमि व रास्ता नहीं है। ऐसे में चकबंदी अधिकारियों के आवास पर भी मृतक पशुओं को डाला जाएगा।
डीएम उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभागार में किसान दिवस का आयोजन हुआ है। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, किसान नेता नीरज पहलवान, अंकित चौधरी ने कहा कि मुंहपका और खुरपका बीमारी को महामारी घोषित किया जाए। इस बीमारी के कारण जनपद में सौ से अधिक पशुओं की मौत हो चुकी है, लेकिन पशु पालन विभाग के द्वारा टीकाकरण में खान्नापूर्ति की जा रही है। किसानों ने बताया कि पुरबालियान, साहदरा, बिरालसी, सोहजनी तागान, राजपुर, परासौली, हरड, दतियाना, डुंगर, जौला, हरड, कसौली, कुटेसरा आदि गांव में पशुओं का टीकाकरण नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बिरालसी पशु चिकित्सालय में उपले भरे हुए है। डीएम उमेश मिश्रा ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. जितेन्द्र कुमार को पुरबालियान, दतियाना समेत अन्य सभी गांव में टीकाकरण कराने के निर्देश दिए है। वहीं टीकाकरण का स्वयं मौके पर पहुंचकर सत्यापन के निर्देश दिए। किसान दिवस में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठोर, एसपी सिटी सत्यनारायण, डीडी प्रमोद सिरोही, कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, डीपीआरओ रेणु श्रीवास्तव, किसान महेन्द्र, सुभाष, मनोज, राजवीर, वीरेन्द्र, राजकुमार, राजेन्द्र, बिट्टू, मोहन आदि मौजूद रहे।

डीएम बोले छह-सात गांव की चकबंदी में आ रही अधिक समस्या
मुजफ्फरनगर। कुछ गांव में पिछले तीन दशकों से चली आ रही चकबंदी को लेकर किसानों ने सवाल खडे किए है। किसानों ने कहा कि चकबंदी अधिकारियों के द्वारा चकबंदी को पूरा नहीं किया जा रहा है। डीएम उमेश मिश्रा ने किसानों से कहा कि जनपद के 23 गांव में चकबंदी चल रही है। जो पिछले दो से तीन दशकों से चली आ रही है। इनमें से छह सात गांव ऐसे है जिनमें सबसे अधिक समस्या आ रही है। अधिकारियों को शीघ्र चकबंदी पूरी करने के निर्देश दिए गए है। चकबंदी विभाग के आरोपित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट बनाकर संबंधित जनपद के डीएम को भेजी गई है। किसानों ने कहा कि कमजोर और हल्की धारा के कारण नकली उर्वरक व कीटनाशी का कारोबार करने वालों को आसानी से जमानत मिल गई है। किसानों ने कहा कि पुरकाजी में दो करोड से बनी सड़क की जांच की जाए। वहीं मिमलाना रोड पर जेई के द्वारा बिजली कनेक्शन नहीं दिए जा रहे है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
डीएम के आदेश पर टीकाकरण के सत्यापन को पहुंचे सीवीओ
मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पशुओं के टीकाकरण की जांच करने के लिए स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव दतियाना और पुरबालियान में पशुओं के हो रहे टीकाकरण का सत्यापन किया। सीवीओ डा. जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि सभी डाक्टरों की टीम को सहीं तरह से पशुओं में टीकाकरण के निर्देश दिए है। इस मामले में कोई लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी।
वाद रहित गांव घोषित को चलेगा अभियान
मुजफ्फरनगर। डीएम ने कहा कि वाद रहित गांव घोषित करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत गांव में चल रहे विवादों को आपसी सुलह कराते हुए समाप्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि घरौनी और खतौनी संबंधी मामलों को लेकर काफी शिकायते आ रही है। तहसील और ब्लाक स्तर पर घरौनी और खतौनी के मामलों के निस्तारण को विशेष डेस्क बनाई जाएगी।






