मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


बुधवार को डीएम उमेश मिश्रा ने जिला पंचायत के सभागार में अग्निवीर सेना भर्ती की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न बिन्दुओं पर दिशा निर्देश दिए है। चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में 21 अग्रस्त से 8 सितम्बर तक अग्निवीर सेना भर्ती होगी। जिसमें 13 जिलों के करीब 17 हजार अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
डीएम उमेश मिश्रा ने बताया कि जनपद में भारतीय सेना की ओर से 21 अगस्त से 8 सितम्बर तक अग्निवीर सेना भर्ती का आयोजन किया जाना है। अग्निवीर सैना भर्ती चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में होगी। जिसमें प्रदेश के 13 जनपदों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर के अभ्यर्थी आएंगे। बैठक में सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने अधिकारियों को रैली के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में 17 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जनपद में प्रतिदिन लगभग 1200 अभ्यर्थी आएंगे। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को उचित व्यवस्थांए समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को पेयजल, साफ-सफाई, बेरीकेटिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइट, शौचालय, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को पर्याप्त मात्रा में बसों को संचालन करने एवं अग्निशमन विभाग को रैली स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी व सेना भर्ती के अधिकारी मौजूद रहे।







