मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

वर्ष 2024 को लेकर हुए स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर आज नगर निकायों की रैंकिंग जारी होने जा रही है। 29 मार्च को दिल्ली से आयी भारत सरकार की सात सदस्य टीम ने विभिन्न बिन्दुओं पर स्वच्छता सर्वेक्षण की रिपोर्ट तैयार की। टीम ने शहर के 55 वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया है, वहीं स्थानीय लोगों से डोर टू डोर कूडा कलेक्शन के संबंध में फीडबैक ली है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में नगर पालिका स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड गई थी। नगर पालिका को राष्ट्रीय स्तर पर 264वां स्थान और राज्य स्तर पर 56 वां मिला था। इस बार मुजफ्फरनगर नगर पालिका की अच्छी रैंकिंग की संभावना जताई जा रही है।
भारत सरकार से आयी टीम ने 29 मार्च को स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य शुरू कर दिया था। टीम ने शहर के 55 वार्डों में सफाई व्यवस्था को अच्छी तरह से देखा है। डोर टू डोर कूडा कलेक्शन के संबंध में स्थानीय लोगों से जानकारी ली है। वॉल पेटिंग, एमआरएफ सेंटर, कम्पनी बाग, एसटीपी प्लांट, ओडीएफ आदि का निरीक्षण करते हुए टीम ने रिपोर्ट तैयार की है। टीम को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बंद मिला था। यहां पर दो मशीन लगी हुई पायी गई थी। यहां पर कूडा निस्तारण का कार्य होता हुआ नहीं पाया गया था। टीम के द्वारा शासन स्तर पर दी गई सर्वे रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग जारी होने जा रही है।

अन्य वर्षों में मुजफ्फरनगर नगर पालिका की रैंकिंग की सूची
— वर्ष 2019 में नगर पालिकाको राष्ट्रीय स्तर पर 371 वां स्थान मिला था।
–वर्ष 2020 में नगर पालिकाकों राष्ट्रीय स्तर पर 214 वां स्थान मिला था, प्रदेश में 33 वां स्थान मिला था
— वर्ष 2021 में राष्ट्रीय स्तर पर नगर पालिकाको 344 वां स्थान मिला, प्रदेश में 56 वां स्थान मिला
— वर्ष 2022 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पालिका को राष्ट्रीय स्तर पर 237 वां व प्रदेश में 45 वां स्थान मिला
— वर्ष 2023 में राष्ट्रीय स्तर पर 264वां स्थान, राज्य स्तर पर 56 वां स्थान मिला






