Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पालिका के कर्मचारियों ने ईओ को दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी

पालिका के कर्मचारियों ने ईओ को दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन ने ईओ पवन कुमार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 13 सितम्बर तक मांगे पूरी नहीं हुई तो 14 सितम्बर की सुबह सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे।
स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री विकास शर्मा ने ईओ को ज्ञापन में देते हुए कहा कि सात जुलाई को कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर दिए गए मांग-पत्र पर पालिका प्रशासन की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। कांवड़ यात्रा के कारण कर्मचारियों ने आंदोलन टाल दिया था, लेकिन यात्रा समाप्त होने के बाद भी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति की स्वीकृत पत्रावलियों का समय से भुगतान, बाद में बोर्ड से अनुमोदन कराने, जलकल विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के भविष्य निधि खाते से बिना जानकारी निकाली गई करीब 2.80 लाख रुपये की धनराशि ब्याज सहित वापस खाते में जमा कराने की मांग की गई है। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को पीवीसी आईडी कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन से ठेकेदार द्वारा की जा रही कथित कटौती बंद कराने और शासनादेश के अनुसार वेतन दिलाने, कर्मचारियों के साथ हर माह बैठक आयोजित करने, पात्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लिपिकीय संवर्ग में पदोन्नति देने तथा लंबित समायोजन की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की गई है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ठंडी वर्दी के लिए 1000 रुपये नकद देने, पालिका परिसर में संगठन के कार्यालय के लिए एक कक्ष आवंटित करने तथा घरों से कूड़ा उठाने वाली फर्म द्वारा वसूले जाने वाले निर्धारित शुल्क से पालिका कर्मचारियों को मुक्त रखने की मांग भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि 13 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 14 सितंबर से कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल