मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रविवार को महावीर चौक स्थित कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 17 सितंबर को मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में प्रस्तावित बड़ी किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी के नेतृत्व में हुई बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों से महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि महापंचायत 17 सितम्बर की शाम छह बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह छह बजे तक चलेगी। इस बार सभा स्थल पर भंडारे की व्यवस्था नहीं होगी। किसानों से घर से खाना बनाकर लाने की अपील की गई है। एक किसान अपने साथ करीब 10 रोटी-सब्जी अथवा पूरी-चूरमा और पानी की बोतल लेकर ट्रैक्टर से महापंचायत स्थल पर पहुंचेगा। कार्यक्रम के दौरान बीच-बीच में रागिनी तथा पंजाब से आने वाले कलाकारों द्वारा गीतों का भी कार्यक्रम किया जाएंगा। बैठक में मीरापुर के मौजूदा चेयरमैन जमील अहमद ने अपने हजारों समर्थकों के साथ भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने उन्हें संगठन में शामिल कराया। वहीं मनीष प्रधान सिमरती को पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक घटायन, सत्येंद्र प्रधान, युवा जिलाध्यक्ष गुलबहार राव, जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र कुमार, किसान दिवस प्रभारी गुलशन चौधरी, श्यामलाल चेयरमैन, सचिन चौधरी, प्रमोद अहलावत समेत सभी ब्लॉक और तहसील अध्यक्ष तथा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।







