मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरालसी तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जौला का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, जांच सुविधाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा अभिलेखों का जायजा लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की जनता को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






