मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सीडीओ कमलकिशोर कंडारकर द्वारा विकास खण्ड शाहपुर अंतर्गत पंचायत सचिवालय, काकड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्ष 1966 में निर्मित पंचायत सचिवालय भवन अत्यंत जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। भवन की वर्तमान स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए उसका नियमित उपयोग नहीं किया जा रहा है तथा ग्राम पंचायत के सचिव एवं ग्राम प्रधान द्वारा भी पंचायत सचिवालय से नियमित रूप से कार्य संपादित नहीं किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर उपस्थित खण्ड विकास अधिकारी, शाहपुर एवं सहायक खण्ड विकास अधिकारी (पंचायत)को निर्देशित किया कि जर्जर भवन का सक्षम प्राधिकारी से नियमानुसार तकनीकी मूल्यांकन (Structural Assessment) कराया जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से भवन के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही कराते हुए नवीन पंचायत सचिवालय के निर्माण हेतु प्रस्ताव तत्काल तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे ग्रामवासियों को बेहतर एवं सुरक्षित पंचायत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तत्काल लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता से दूरभाष पर वार्ता कर संबंधित अभियन्ता को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि भवन का तकनीकी निरीक्षण एवं आवश्यक परीक्षण शीघ्र कराया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, मुजफ्फरनगर को निर्देशित किया कि समस्त औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा नवीन पंचायत सचिवालय निर्माण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक विलम्ब न होने पाए





