मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


नई मंडी में रेलवे लाइन के साथ विकसित पार्क और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को क्षति पहुंचाने के मामले में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रेलवे के अधिकारियों को पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संपत्तियों का पुन: निर्माण कराने के लिए कहा है।


पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने बताया कि उनके कार्यकाल में वर्ष 2022 में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं डॉ. संजीव बालियान के प्रयासों से आवास विकास द्वारा रेलवे लाइन के किनारे नई मंडी की तरफ वर्षों से खुले पड़े नाले को ह्यूम पाइप डालकर बंद कराया गया था।

इसके उपरांत नगर पालिका परिषद व जनसहभागिता द्वारा उक्त स्थान का सौंदर्यीकरण कर वहां सुंदर पार्क, पैदल पथ, सार्वजनिक सुविधाएं तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का निर्माण कराया गया। जिससे क्षेत्रवासियों को एक स्वच्छ और सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुआ। हाल ही में रेलवे विभाग द्वारा अपनी बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण एवं विस्तार कार्य के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना एवं समन्वय के उक्त पार्क तथा वहां स्थापित सार्वजनिक परिसंपत्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में भारी निराशा एवं रोष व्याप्त है। इस गंभीर विषय का संज्ञान लेते हुए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंडलीय रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, नई दिल्ली को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने नगर पालिका एवं जनसहभागिता से विकसित पार्क, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य संरचनाओं को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए इन्हें शीघ्र पुनर्निर्मित कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने कहा कि यह पार्क केवल एक सौंदर्यीकरण परियोजना नहीं था, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और जनसहभागिता का प्रतीक था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन मंत्री के पत्र पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पार्क एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण शीघ्र कराएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को पुन: वही सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।





