Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » राज्यमंत्री ने नगर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्जा मुक्त कराई नगर पालिका की भूमि

राज्यमंत्री ने नगर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्जा मुक्त कराई नगर पालिका की भूमि

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रूडकी रोड पर स्थित नगर पालिका की भूमि को कब्जा मुक्त कराया है। इस भूमि पर सभासद पति के द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। नगर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में इस भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। इस दौरान सभासद पति भी मौजूद रहा है। इस भूमि पर गरीब बच्चों को शिक्षा देने के लिए अस्थाई स्कूल बनाया जाएगा।
वार्ड संख्या 32 जनकपुरी में स्थित नगर पालिका की भूमि पर नगर पालिका के द्वारा शौचालय का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि सभासद पति के द्वारा इस सरकारी संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था और इसे अपने कार्यालय के रूप में उपयोग कर रहे थे। इस मामले को लेकर कई बार स्थानीय स्तर पर विवाद और शिकायतें भी सामने आई थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेकर नगर पालिका द्वारा पूर्व में कब्जाधारी सभासद पति को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंचा, जहां कब्जाधारी ने नगरपालिका के द्वारा कब्जा हटवाने के लिए की जा रही कार्रवाई को गलत करार देकर अपील दायर की, हालांकि न्यायालय की ओर से यथास्थिति बनाए रखने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया था और कोर्ट में मामला विचाराधीन है। कोर्ट में अपील होने पर नगरपालिका परिषद् की ओर से कोई भी कदम आगे नहीं बढ़ाया गया। अब राज्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन हरकत में आया और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कब्जाधारी से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि भूमि पर उनका कोई वैध अधिकार नहीं है। इसके बाद मौके पर ही ताला तोड़कर कब्जा हटाया गया और भूमि को पुन: नगरपालिका के अधीन कर दिया गया। नगर पालिका के एई निर्माण ने बताया कि उक्त भूमि को नगर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्जा मुक्त कराया गया है। यहां पर अस्थाई स्कूल का निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल