मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के सभासद मो. खालिद समेत कई सभासदों ने सीएम योगी को ज्ञापन दिया है। जिसमें उन्होंने सुजडू चौक को शहीद अब्दुल हमीद चौक बनाने की मांग की है।
सभासद मो. खालिद, रजिया शाहिद, शिवम कुमार, अनिता, नौशाद खान, मो. शहजाद आदि सभासदों ने सीएम को ज्ञापन दिया है। सभासदों ने बताया कि नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा 28 फरवरी 2026 को बोर्ड बैठक हुई। जिसमें प्रस्ताव सं0 914 सुजडू चौक का नाम बदलकर परमवीर चक विजेता अब्दुल हमीद चौक का नामकरण हेतु सर्वसम्मति से पारित हुआ। इस गौरवशाली प्रस्ताव के पारित होने के बावजूद धरातल पर अभी तक नामकरण की पट्टिका, भव्य सूचना बोर्ड, स्मारक सौन्दर्यकरण हेतु कार्यवाही नहीं की गयी। यह चौक 1965 युद्ध के नायक वीर अब्दुल हमीद के सर्वोच्च बलिदान को याद करने का प्रतीक है। शहीदों का सम्मान करने हेतु नागरिको में इसे लेकर अति उत्साह है और वे चाहते है कि ये कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो सके। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक 19 फरवरी 1996 को प्रस्ताव सं0-15 मीनाक्षी चौक का नाम बदलकर पर परमवीर चक विजेता अब्दुल हमीद चौक का नामकरण सर्वसम्मति से पारित हुआ था। स्थानीय प्रशासन ने यहाँ पर स्मारक पट्टिका सूचना बोर्ड सौन्दर्यकरण हेतु कोई कार्यवाही नहीं की। दिसम्बर 2025 में नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा बिना बोर्ड प्रस्ताव पारित कराये मीनाक्षी चौक / वीर अब्दुल हमीद चौक के स्थान पर एक सूचना बोर्ड भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से लगा दिया। लोगों की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शहीद वीर अब्दुल हमीद के बलिदान का सम्मान करते हुए इस चौक के बदले सुजडू चौक का नाम बदलकर वीर अब्दुल हमीद चौक का नामकरण हेतु एक पत्र 06 जनवरी 2026 को अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर एवं जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को मांग-पत्र प्रेषित किया। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को सुजडू चौक का नाम बदलकर वीर अब्दुल हमीद चौक नामकरण की कोई जानकारी न होने के कारण इस चौक पर अशोक की लाईट (लाईट स्तम्भ) बनाने की तैयारी कर रहा था। सचिव मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा कार्यवाही करते हुए 13 मार्च 2026 को अधिशासी अधिकारी को पत्र प्रेषित करते हुए अवगत कराया कि प्राधिकरण स्तर से सुजडू चौक से सम्बन्धित प्रोजेक्ट को छोड दिया गया है। सभासदों ने सुजडू चौक का नाम बदलकर वीर अब्दुल हमीद चौक करने की मांग की है।







