Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » किसानों की राजधानी में सिसौली में पहुंचे सीएमओ और मरीजों को दिया परामर्श

किसानों की राजधानी में सिसौली में पहुंचे सीएमओ और मरीजों को दिया परामर्श

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसौली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया स्वयं ओपीडी में पहुंचे और मरीजों का परीक्षण किया। हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के नाते डॉ. सुनील तेवतिया ने बड़ी संख्या में आए मरीजों को देखा तथा उन्हें विस्तारपूर्वक उचित परामर्श एवं आवश्यक उपचार प्रदान किया। मरीजों ने सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से परामर्श प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि यदि कोई अत्यावश्यक शासकीय कार्य या बैठक निर्धारित नहीं होती है, तो वे प्रत्येक बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली में उपस्थित होकर ओपीडी सेवाएं प्रदान करेंगे। डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सिसौली एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता न पड़े।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल