मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत के वार्डों का प्रस्तावित परिसीमन तैयार सूची चस्पा की गई। जिसे लेकर आपत्तियां मांगी जा रही है। शुक्रवार को जिला पंचायत के करीब नौ वार्डों में 16 आपत्तियां आयी है। अब तक करीब 23 आपत्तियां प्राप्त हो चुकी है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रस्तावित वार्ड परिसीमन पर शनिवार को आपत्ति दर्ज कराने का अंतिम दिन है। नए प्रस्तावित परिसीमन के बाद जिला पंचायत के वार्डों में कटौती हुई है। पूर्व में जिला पंचायत के 43 वार्ड थे, लेकिन अब तीन वार्डों की कटौती हुई है। अब जिला पंचायत में 40 वार्ड रह गए है। नए परिसीमन में वार्ड संख्या 4, 5, 6 और 7 में परिवर्तन हुआ है। वहीं 11 गांव नगर पालिका मुजफ्फरनगर में शामिल होने पर 487 ग्राम पंचायत रह गई है। वार्डों के प्रस्तावित परिसीमन को लेकर आपत्तियां मांगी जा रही है। शुक्रवार को चौथे दिन जिला पंचायत के वार्ड संख्या 1, 4, 5, 6, 7, 8, 26, 33 आदि को लेकर करीब 16 आपत्तियां आयी है। अब तक 23 आपत्तियां आ चुकी है। डीपीआरओ रेणु श्रीवास्तव ने बताया कि तीन अगस्त से पांच अगस्त तक आपित्तयों का निस्तारण किया जाएगा। छह से दस अगस्त तक सूची का अंतिम प्रकाशन कराया जाएगा।







