मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

डीएम कैम्प कार्यालय के सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना संबंधी कार्यों को सुचारू, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम वित्त एवं राजस्व, जिला जनगणना अधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह द्वारा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, चार्ज सहायकों एवं तकनीकी सहायकों को जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की प्रक्रिया, दायित्वों, प्रपत्रों के सही एवं सावधानीपूर्वक संधारण तथा तकनीकी माध्यमों के प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान करते हुए जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता, गोपनीयता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। एडीएम अनिरूद्ध प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि जनगणना-2027 के कार्य को अत्यन्त गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्व में जनगणना कार्य में प्रशिक्षित कार्मिकों को यथासंभव पुन: उसी गणना ब्लॉक में लगाया जाए, जबकि गंभीर रूप से बीमार, दिव्यांग, गर्भवती महिलाओं तथा मार्च 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखने की कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की ओर से नामित जनगणना प्रभारी गौरव गुंजन ने भी सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय के साथ जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।







