मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

वीबी जी राम जी योजना में बीडीओ शाहपुर परशुराम राम का खेल प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया पर परशुराम राम का मजदूरों का भुगतान करने पर कमीशन लेने का वीडियो वायरल हुआ है। जिस कारण डीएम उमेश मिश्रा के आदेश पर सीडीओ ने कार्रवाई करते हुए परशुराम राम को शाहपुर बीडीओ के पद से हटा दिया है। सीडीओ ने उनके खिलाफ जांच करने के लिए जांच समिति बनाई है। जिसमें डीसी एनआरएलएम केएन पांडेय को अध्यक्ष और जिला कृिष अधिकारी राहुल तेवतिया को सदस्य बनाया है। उधर बघरा बीडीओ अरविन्द कुमार त्यागी को शाहपुर बीडीओ का अतिरिक्त चार्ज दिया है।

मंगलवार को सोशल मीडिया पर शाहपुर बीडीओ परशुराम राम के द्वारा वीबी जी राम जी योजना में कमीशन लेने का वीडियो वायरल हो गया। जिसमें वह मजदूरों का भुगतान करने पर ठेकेदारों से सफेद लिफाफे में कमीशन की रकम लेते हुए नजर आ रहे है। बीडीओ ठेकेदार से उक्त लिफाफा अपने मेज की दराज में रखवाते हुए नजर आ रहे है। इतना ही नहीं दूसरे ठेकेदार के द्वारा लिफाफा दिया गया है। जिसमें उक्त ठेकेदार 1700 रुपए और 500 रुपए होने की बात कह रहा है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर बडी तेजी के साथ वायरल हुई तो हडकम्प मचा गया। डीएम उमेश मिश्रा और सीडीओ कंडाकर कमल किशोर देश भूषण ने वीडियो पर तत्काल प्रभाव से संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने कार्रवाई करते हुए परशुराम राम शाहपुर बीडीओ के पद से हटा दिया। वहीं उन्हें मुख्यालय पर संबद्ध कर लिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए सीडीओ के द्वारा शासन को भी रिपोर्ट भेजी गई है। इसके अलावा सीडीओ ने डीसी एनआरएलएम केएन पांडेय और जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया को जांच करने के निर्देश दिए है।
इन्होंने बताया
परशुराम राम को शाहपुर बीडीओ के पद से हटाकर मुख्यालय पर संबद्ध किया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुित करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। उनके खिलाफ जांच भी शुरू की गई है। डीसी एनआरएलएम और जिला कृषि अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए है। बघरा बीडीओ अरविन्द कुमार त्यागी को शाहपुर बीडीओ का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
कंडारकर कमल किशोर देश भूषण, सीडीओ






