मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने लोगों को एक भयंकर त्रासदी झेल रहे नेपाल के साथ खड़े होने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने इसके लिए एक राहत अभियान की शुरूआत करते हुए लोगों से इस अभियान में मानवीय दृष्टिकोण के साथ हिस्सेदारी करने की अपील की है।
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नेपाल में आई भीषण जल प्रलय ने सैंकड़ों लोगों की जान चली गई हैं, इस भयंकर आपदा ने हजारों परिवारों के जीवन को संकट में डाल दिया है। कई परिवारों से उनके घर, रोजमर्रा की जरूरतें और अपनों का सहारा तक छीन लिया है। ऐसे कठिन समय में नेपाल के पीड़ित परिवारों को हमारी संवेदना के साथ-साथ सहयोग की भी आवश्यकता है। इसमें नगरपालिका परिषद् भी जनसहयोग से नेपाल के प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने के लिए एक प्रयास शुरू कर रही है, इसमें मानव धर्म निभाने के लिए सभी को सहयोग के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने आम जनमानस से सीधे अपील करते हुए कहा कि मैं मुजफ्फरनगर की जनता से मानवीय अपील करती हूं कि नेपाल में आई इस भीषण जल प्रलय से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपनी सामथ्र्य के अनुसार आगे आएं। इस राहत अभियान में आपके द्वारा दिया गया योगदान किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बहुत बड़ी उम्मीद बन सकता है। राहत सामग्री नगर पालिका परिषद् के मुख्यालय टाउनहाल में एकत्र की जाएगी। उन्होंने नगरपालिका के सभी वार्ड सभासदों, भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित सामाजिक संगठनों और आम जनमानस से इस मानवीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वो अपने अपने क्षेत्रों में लोगों को प्रेरित करें और वहां एकत्र सामग्री को टाउनहाल पहुंचाने का काम करें।







