Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » राकेश टिकैत का बडा बयान: चीनी की तरह बढना चाहिए गन्ने का भाव

राकेश टिकैत का बडा बयान: चीनी की तरह बढना चाहिए गन्ने का भाव

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

चीनी के लगातार बढ़ते दामों को लेकर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सरकार और चीनी कारोबारियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन गन्ना किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। गन्ने का भाव बढ़ाया जाना चाहिए। किसानों को बढ़ी कीमत के अनुरूप ब्याज दिया जाना चाहिए, ताकि इसका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।

राकेश टिकैत ने कहा कि गन्ने का रेट तो नहीं बढ़ा है, लेकिन चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। चीनी व्यापारियों और बड़े स्टॉक होल्डरों के पास पहुंचने के बाद कीमतों को बढ़ाने और घटाने का खेल चलता है। ऐसे में सरकार को खाद्य क्षेत्र में बड़ी कंपनियों के बढ़ते प्रभाव और चीनी की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चीनी मिलों ने चीनी के दाम बढ़ाए हैं तो क्या उसका लाभ गन्ना किसानों को भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई कीमत का पैसा किसानों तक पहुंचने के बजाय बड़े व्यापारियों और स्टॉक होल्डरों के पास जा रहा है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को भी उनकी फसल की बढ़ी कीमत का लाभ मिले। एथेनॉल को लेकर भी राकेश टिकैत ने कहा कि इसके नाम पर किसानों के हितों को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि इथेनॉल के कारण कितनी गाड़ियां खराब हुई हैं, इसका कोई ठोस उदाहरण सामने नहीं आया है। उन्होंने इसे लेकर चल रहे प्रचार पर भी सवाल खड़े किए। चीनी के दाम कई स्थानों पर करीब 40-45 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इससे आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि आने वाले दिनों में चीनी के दाम और बढ़ेंगे या फिर इनमें कमी आएगी। गन्ने का नया सीजन आने वाला है, इसलिए किसानों के गन्ने का भाव बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि बढ़ती चीनी कीमतों का लाभ किसानों को भी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल