मेरठ। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि० द्वारा सभी सम्मानित विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, सभी 14 जनपदों मे विशेष बिल संशोधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष बिल संशोधन शिविर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि० की एक महत्वपूर्ण पहल है जिनके माध्यम से बडी संख्या में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कैम्पों मे उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर, त्वरित समाधान किया जा रहा है। सभी जनपदों में आयोजित शिविरों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

14 अगस्त 2026 तक पश्चिमांचल डिस्कॉम के सभी 14 जनपदों में कुल 8004 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमे से 7763 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। शिविरों मे बिल संशोधन, मीटर, टैरिफ परिवर्तन, मोबाइल नम्बर/ई-मेल आईडी अपडेट तथा यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, मोबाइल नम्बर एवं ई-मेल आईडी अपडेट के प्रकरणों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस श्रेणी मे प्राप्त शिकायतों का समाधान, प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है साथ ही डिजीटल सेवाओं को बढावा देने के क्रम मे यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से संबंधित शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है।
पश्चिमांचल डिस्कॉम के विभिन्न जनपदों में आयोजित इन शिविरों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही उपभोक्ताओं की समस्याओं को समझकर, आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मेरठ, गाजियाबाद, बुलन्दशहर, सहारनपुर, नोएडा, मुरादाबाद एवं अन्य जनपदों में शिविरों की प्रभावी निगरानी की जा रही है ताकि उपभोक्ता समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। डिस्कॉम द्वारा उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं को 1912 हेल्पलाइन नम्बर, 7859804803 WhatsApp Chatbot के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। उपभोक्ता घर बैठे अपनी विद्युत संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा शिकायत के निस्तारण की प्रकिया की जानकारी प्राप्त कर सकतें हैं।
पश्चिमांचल डिस्कॉम द्वारा सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि उपभोक्ता निकटतम खण्डीय / उपखण्डीय / सहायक अभियन्ता (वितरण / वाणिज्य) / अधिशासी अभियन्ता (वितरण/वाणिज्य) कार्यालयों में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ तथा अपनी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राप्त करें।






