Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » उपस्थिति पंजिका में हाजिरी लगाकर गायब हो गए कुछ कर्मचारी, चेयरपर्सन नाराजा

उपस्थिति पंजिका में हाजिरी लगाकर गायब हो गए कुछ कर्मचारी, चेयरपर्सन नाराजा

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका कार्यालय की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। बारिश के बाद चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने नगर पालिका का निरीक्षण किया तो हाजिरी रजिस्टर देखने पर दस कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। इनमें से कुछ कर्मचारी तो ऐसे है जिन्होंने रजिस्टर में अपनी हाजिरी लगाई हुई है, लेकिन वह पालिका से दिनभर गायब रहे। चेयरपर्सन ने इन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन काटने के निर्देश दिए है।
चेयरपर्सन ने सबसे पहले पालिका परिसर में बेतरतीब खड़े दो पहिया वाहनों को लेकर वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड को हड़काया। वहीं स्टोर कीपर तनवीर आलम से टाउनहाल में बनाई गई वाहन पार्किंग की व्यवस्था का उपयोग नहीं कराये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाब तलब किया। सिक्योरिटी गार्ड आपूर्तिकर्ता फर्म के ठेकेदार को भी मौके पर बुलाकर नये गार्ड उपलब्ध कराने और ड्यूटी के प्रति लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर देखने पर दस कर्मचारी नदारद पाये गये, जिनमें कर विभाग से लिपिक मोहन वेद, अरुण कुमार, रोहिल कुमार, नूर मोहम्मद, अनु जोशी, स्वास्थ्य विभाग से संजय कुमार, राजीव कुमार और सोनू अनुचर, जलकल विभाग से इमरान खान और निर्माण विभाग से बिजेन्द्र कुमार शामिल रहे। विभागाध्यक्षों को सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।

हाजिरी रजिस्टर में दर्ज नहीं किए नए अधिकारियों के नाम
मुजफ्फरनगर। शासन स्तर से नगर पालिका में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिसमें एई निर्माण नेपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही और एसएफआई वैशाली सोती शामिल है। इन अधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है, लेकिन इनका नाम अभी तक हाजिरी रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया है। इस संबंध में चेयरपर्सन ने सम्बंधित लिपिक को चेतावनी के साथ अधिकारियों का नाम उपस्थिति पंजिका में दर्ज कराने निर्देश दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल