लखनऊ। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए योगी सरकार ने विशेष तैयारी की है। परिवहन विभाग ने 26 अगस्त से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें चलाने और शत-प्रतिशत बसों को ऑनरोड रखने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली से उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए बस सेवाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और कानपुर समेत प्रमुख रूटों पर कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए भी अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रहेगा। त्योहार के दौरान परिवहन कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक रहेगी, ताकि बस संचालन प्रभावित न हो। कर्मचारियों को बेहतर सेवा के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रबंध किया गया है।
सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को समय पर बस सेवा उपलब्ध कराना और भीड़ के बीच उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना है।







