मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के कुछ बिजलीघरों से खराब सप्लाई हो रही है। अघोषित कटौती और रोस्टिंग का ग्राफ बढता जा रहा है। बुधवार की रात्रि में कई घंटे आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों के सब्र का बांध टूट गया। मोहल्ला कृष्णापुरी के गुस्साए लोगों ने शामली रोड बिजलीघर पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने शामली रोड बिजलीघर के जेई और एसडीओ पर खराब बिजली सप्लाई देने के गंभीर आरोप लगाए है।
शहर के शामली रोड बिजलीघर से पिछले कई दिनों से अत्यधिक बिजली कटौती हो रही है। इस संबंध में स्थानीय लोगों के द्वारा कई बार बिजलीघर पर पहुंच कर चेतावनी भी दी है। इसके बाद भी रात्रि कटौती में कोई विराम नहीं लगा है। वहीं बिजली घर से कम वोल्टेज आने की भी समस्या बनी हुई है। जिसमें कोई सुधार नहीं हो पाया है। बुधवार को हुई कटौती को लेकर गुस्साए लोग शामली रोड बिजलीघर पर पहुंच गए। उन्होंने बिजलीघर के बाहर शामली बस स्टेंड पुलिस चौकी के समीप जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने जेई और एसडीओ पर रात्रि में फोन न उठाने का गंभीर आरोप भी लगाया है। गुस्साए लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इस बिजलीघर से सबसे अधिक कटौती हो रही है। बिजली कटौती के कारण भीषण गर्मी में लोग काफी परेशान है। बाद में पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत कराया है।







