मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


पवित्र श्रावण मास में हरिद्वार से गंगाजल लेकर भगवान आशुतोष के जलाभिषेक हेतु अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे लाखों शिवभक्तों की सेवा एवं सुविधाओं को समर्पित कांवड़ यात्रा के दौरान मुज़फ्फरनगर की हृदयस्थली शिव चौक पर रोटरी क्लब (संयम) द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान में प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने सहभागी बनकर झाड़ू लेकर स्वयं साफ-सफाई की।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था और श्रद्धा का महापर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की अद्भुत मिसाल है। लाखों शिवभक्त जब कठिन तपस्या और श्रद्धा के साथ कांवड़ लेकर भगवान भोलेनाथ के धाम की ओर अग्रसर होते हैं, तब उनके मार्ग, पड़ावों एवं सेवा शिविरों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखना भी सच्ची शिवसेवा का ही एक महत्वपूर्ण स्वरूप है।

उन्होंने कहा कि “जहाँ श्रद्धा के चरण पड़ते हैं, वहाँ स्वच्छता का संकल्प भी उतना ही पवित्र होना चाहिए।” कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन अथवा किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि का सामूहिक दायित्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए रोटरी क्लब (संयम) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता की गई।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ‘स्वच्छ भारत अभियान’ देशवासियों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी की एक ऐतिहासिक चेतना लेकर आया है। स्वच्छता अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन के जीवन का संकल्प और सामाजिक संस्कार बन रही है। जब यह भावना धार्मिक आयोजनों, तीर्थ यात्राओं और कांवड़ सेवा जैसे जनआस्था के महापर्व से जुड़ती है, तो इसका प्रभाव और व्यापक हो जाता है।
उन्होंने कहा कि मंदिर की स्वच्छता हो, कांवड़ मार्ग की स्वच्छता हो, सेवा शिविरों की स्वच्छता हो अथवा अपने घर और शहर की—स्वच्छता ही श्रद्धा को सार्थकता और सेवा को गरिमा प्रदान करती है। मुज़फ्फरनगर सदैव अपनी सामाजिक एकता, अतिथि सत्कार और शिवभक्तों की सेवा के लिए देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रोटरी क्लब (संयम) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं की ऐसी सक्रिय सहभागिता “सेवा परमो धर्मः” की भावना को धरातल पर साकार करती है। उन्होंने जनपदवासियों से भी आह्वान किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सेवा शिविरों एवं कांवड़ मार्ग की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा में लगाया गया प्रत्येक हाथ पुण्य का भागीदार है और स्वच्छता के लिए उठाया गया प्रत्येक कदम महादेव के चरणों में समर्पित सेवा है। सामूहिक प्रयासों से हम मुज़फ्फरनगर की ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा को न केवल भव्य और दिव्य, बल्कि स्वच्छता, सेवा और सामाजिक सहभागिता की देशव्यापी मिसाल बना सकते हैं।
इस अवसर पर अनराज सिंह — CFO, प्रोजेक्ट चेयरमैन राहुल सिंगल, नीरज सिंगल, ऋषभ जैन; क्लब सदस्य पीयूष वशिष्ठ, राहुल अग्रवाल, नीरज गर्ग, शोभित जैन, संदीप बंसल, एस. के. राठी, आरोप कुच्छल, अश्विनी मंगल, रजत राठी, अचिन सिंगल; एनीज़ — वंदना सिंगल, शालिनी अग्रवाल, अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सेवा भाव से जुड़े नागरिक उपस्थित रहे।






