Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने कांवड़ चिकित्सा शिविरों का किया निरीक्षण, शिव भक्ताें पर की पुष्पवर्षा

सीएमओ ने कांवड़ चिकित्सा शिविरों का किया निरीक्षण, शिव भक्ताें पर की पुष्पवर्षा

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी तथा भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर स्थापित कांवड़ चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा शिविरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा उपचार व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कांवड़ यात्री को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार, बरला, पुरकाजी तथा जनपद में स्थापित सभी कांवड़ चिकित्सा शिविरों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे निर्बाध चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सभी शिविरों पर प्रशिक्षित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाएं एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौधरी द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा भाव से भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने भंडारे में पहुंचकर स्वयं अपने हाथों से कांवड़ यात्रियों को भोजन परोसा और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना पुण्य एवं मानवता की सच्ची सेवा है। कांवड़ यात्रियों ने भी इस आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी के सामने से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया तथा उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी निष्ठा, सेवा-भाव एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यात्रा की समाप्ति तक सभी चिकित्सा शिविरों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल