मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

इस बार नगर पालिका के द्वारा कांवड मार्ग पर अच्छी बैरिकेडिंग नहीं कराई गई है। कांवड यात्रा शुरू होने से पहले की उक्त बैरिकेडिंग टूटनी शुरू हो गई है। पालिका के द्वारा कराई गई खराब बैरिकेडिंग को लेकर सवाल उठ रहे है। नगर पालिका के द्वारा बैरिकेडिंग कराने में लापरवाही और बडी कंजूसी बरती गई है। लकडी की बल्लियों के स्थान पर बांस का प्रयोग किया गया है। उन्हें भी रस्सी के स्थान पर कपडों की कत्तर आदि से बांधा गया है। जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
पिछले कई वर्षों से नगर पालिका के द्वारा कांवड मार्ग पर अच्छे और पुख्ता इंतजाम किए जाते रहे है। कांवड मार्ग पर लकडी की बल्लियों से मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाती रही है। जिससे मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा और मजबूती बनी रहती थी। लेकिन इस बार उनकी जगह बांस का इस्तेमाल किया गया है। कई स्थानों पर लगाए गए बांस कमजोर और अस्थिर दिखाई दे रहे हैं, जिससे भीड़ का दबाव बढ़ने पर उनके टूटने या गिरने का खतरा बना हुआ है। इतना ही नहीं, बैरिकेडिंग को बांधने के लिए रस्सियों के बजाय कपड़ों का उपयोग किए जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। कई जगह कपड़ों से बंधे बांस ढीले नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था न केवल अव्यवहारिक है, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में दुर्घटना का कारण बन सकती है। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन लाखों की संख्या में शिव भक्त नगर से होकर गुजरते हैं। ऐसे में मजबूत और सुरक्षित बैरिकेडिंग होना अत्यंत आवश्यक है।

नगर पालिका ईओ ने बताया
बांस की बैरिकेडिंग लकडी की बल्लियों से मजबूत है। बांस को कपडे से इसलिए बांधा गया है ताकि मजबूती पूरी तरह से बनी रहे। जहां-जहां पर बैरिकेडिंग टूटी या फिर खुली है उसे सहीं करने के ठेकेदार को निर्देश दिए गए है।
पवन कुमार, ईओ नगर पालिका




