मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जनपद मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा जनपद को प्राप्त नवीन इंटरसेप्टर वाहन (टोयोटा इनोवा) का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात उक्त अत्याधुनिक वाहन को यातायात पुलिस को विधिवत सुपुर्द किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इंटरसेप्टर वाहन यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नवीन इंटरसेप्टर वाहन अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है, जिसमें लेजर स्पीड रडार लगाया गया है। यह प्रणाली लगभग 01 किलोमीटर की दूरी से ही वाहनों की गति का सटीक आकलन करने में सक्षम है, जिससे ओवरस्पीड वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त वाहन में ब्रेथ एनालाइजर भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की मौके पर ही जांच कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इंटरसेप्टर वाहन का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ किया जाए तथा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया जाए।






